मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/ करौली/राजस्थान।
प्रवाह के दौरान आई तकनीकी खामी को दूर करने में जुटीं एसडीआरएफ एवं जल संसाधन विभाग की टीमें
देर रात तक कमांड क्षेत्र की नहरों में जल प्रवाह पुनः शुरू होने की संभावना
करौली, 06 जुलाई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अथक प्रयासों एवं राज्य सरकार की सकारात्मक पहल से 20 वर्ष बाद सोमवार को पांचना बांध से सिंचाई के लिए जल प्रवाह प्रारंभ किया गया। हालांकि, जल प्रवाह के दौरान अचानक आई एक तकनीकी खामी के कारण कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सका।
स्थिति की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जल संसाधन विभाग एवं एसडीआरएफ की तकनीकी टीमों को मौके पर लगाया। विशेषज्ञों द्वारा युद्ध स्तर पर तकनीकी खामी को दूर करने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी टीम समस्या का पूर्ण समाधान होने तक निरंतर कार्य करती रहेगी। तकनीकी खामी दूर होते ही देर रात तक कमांड क्षेत्र की नहरों में जल प्रवाह पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आमजन से शांति, सौहार्द एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूर्णतः संवेदनशील है तथा सिंचाई व्यवस्था को शीघ्र सुचारु करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने भी किसानों से धैर्य बनाए रखने का आग्रह करते हुए विश्वास दिलाया है कि तकनीकी समस्या का शीघ्र समाधान कर सिंचाई जल उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देशन में संबंधित विभागों द्वारा स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है।
स्थिति की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं तकनीकी कार्यों की निगरानी के लिए ग्रामीण विकास विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल, भरतपुर रेंज के महानिरीक्षक कैलाश चंद बिश्नोई, संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग भुवन भास्कर, जिला कलक्टर करौली अक्षय गोदारा, जिला कलक्टर सवाई माधोपुर कानाराम, पुलिस अधीक्षक करौली लोकेश सोनवाल सहित जल संसाधन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, संवेदक एवं एसडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं तकनीकी कार्यों में जुटी हुई हैं।

