Friday, July 17, 2026
HomeUncategorizedमहिलाओं को खेल सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सरकार...

महिलाओं को खेल सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : रामविचार नेताम

‘खेलेगा बलरामपुर, बढ़ेगा बलरामपुर’ अभियान के तहत महिला खेल महोत्सव आयोजित, उत्कृष्ट खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

रायपुर। प्रदेश में महिलाओं की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बलरामपुर जिले में ‘खेलेगा बलरामपुर, बढ़ेगा बलरामपुर’ अभियान के तहत महिला खेल-कूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विकासखंड बलरामपुर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंची महिला प्रतिभागियों ने 100 एवं 200 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, खो-खो, कबड्डी और रस्साकशी सहित विभिन्न स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि के रूप में शामिल कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को नई पहचान देने के साथ उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवन का आधार हैं। निरंतर अभ्यास और समर्पण से खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

मंत्री ने महिला खिलाड़ियों से संवाद कर उन्हें भविष्य में भी खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, शील्ड, मेडल एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आयोजन की विशेष पहल के तहत सभी महिला प्रतिभागियों को एक-एक पौधा वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। प्रतिभागियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया, जिससे खेल के साथ सामाजिक सरोकारों को भी बढ़ावा मिल सके।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज, रेडक्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य कृष्णा गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागी उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments