
66 अभियंता और 56 कर्मचारियों की नई पदस्थापना, सात दिनों में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
रायपुर। राज्य शासन ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के 122 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादले करते हुए उनकी नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। स्थानांतरित अधिकारियों-कर्मचारियों में 66 अभियंता तथा 56 विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मचारी शामिल हैं।
स्थानांतरित अधिकारियों एवं कर्मचारियों में कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता, प्रोग्रामर, राजस्व निरीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक, सहायक कार्यालय अधीक्षक, तकनीकी सहायक, लेखपाल, सहायक ग्रेड-2, सहायक ग्रेड-3, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर, सहायक राजस्व निरीक्षक, समयपाल, कैशियर, वाहन चालक, चौकीदार, पंप अटेंडेंट तथा भृत्य सहित विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारी शामिल हैं।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे नवीन पदस्थापना स्थल पर सात दिनों के भीतर कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना विभाग को उपलब्ध कराएं। निर्धारित समयावधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में संबंधित अधिकारी या कर्मचारी को वर्तमान पदस्थापना स्थल से वेतन आहरित करने की अनुमति नहीं होगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आदेशों के पालन में किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब होने पर संबंधित नियंत्रण अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

