Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedखाद वितरण में खैरागढ़ जिला प्रदेश में प्रथम, 83.82 प्रतिशत उर्वरक का...

खाद वितरण में खैरागढ़ जिला प्रदेश में प्रथम, 83.82 प्रतिशत उर्वरक का हुआ वितरण

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की सतत मॉनिटरिंग का सकारात्मक परिणाम, किसानों को समय पर मिल रही खाद

रायपुर। खरीफ वर्ष 2026 में किसानों को समय पर रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए किए गए सुनियोजित प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला उर्वरक वितरण के मामले में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। 9 जुलाई 2026 की स्थिति में जिले में कुल 21,452 टन रासायनिक उर्वरक का भंडारण किया गया, जिसमें से 17,980 टन खाद किसानों को वितरित की जा चुकी है। इस प्रकार जिले में 83.82 प्रतिशत उर्वरक वितरण दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक है।

कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए उर्वरक भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की लगातार समीक्षा की गई। कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक तथा सेवा सहकारी समितियों के समन्वित प्रयासों से खाद की उपलब्धता, परिवहन और वितरण की नियमित मॉनिटरिंग की गई। इसका परिणाम यह रहा कि जिले के किसानों को आवश्यकता के अनुरूप समय पर उर्वरक उपलब्ध हो रहा है तथा वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

कृषि विभाग के अनुसार जिले की सभी सेवा सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में डीएपी, यूरिया एवं अन्य आवश्यक उर्वरकों का भंडारण सुनिश्चित किया गया है। वर्तमान में जिले के किसी भी क्षेत्र से खाद की कमी की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। किसानों की मांग के अनुरूप लगातार उर्वरकों की आपूर्ति भी की जा रही है।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक एवं सहकारिता विभाग के नोडल अधिकारी ने बताया कि खरीफ सीजन प्रारंभ होने से पहले ही समितियों में उर्वरकों का अग्रिम भंडारण करा दिया गया था। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में प्रतिदिन वितरण की समीक्षा की जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर समितियों को अतिरिक्त उर्वरक भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत सेवा सहकारी समितियों एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल कृषि विभाग अथवा संबंधित समिति को सूचित करें। प्रशासन द्वारा खरीफ सीजन में किसानों को सभी आवश्यक कृषि आदान समय पर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

जिले के किसानों ने समय पर खाद उपलब्ध होने पर संतोष व्यक्त किया है। विकासखंड खैरागढ़ के सेवा सहकारी समिति मदुराकोही के किसान कोमल राम ने बताया कि इस वर्ष समिति में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है और उन्हें बिना किसी परेशानी के आवश्यक उर्वरक मिल गया। वहीं विकासखंड छुईखदान के किसान शिवकुमार ने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार व्यवस्था अधिक बेहतर है। खाद के लिए भटकना नहीं पड़ा और आवश्यकता के अनुसार उर्वरक आसानी से उपलब्ध हो गया, जिससे खेती-किसानी के कार्य समय पर हो रहे हैं।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments