Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedबिर्रा को नगर पंचायत का दर्जा, उपतहसील व महाविद्यालय भवन सहित विभिन्न...

बिर्रा को नगर पंचायत का दर्जा, उपतहसील व महाविद्यालय भवन सहित विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

बिर्रा। नगर पंचायत बम्हनीडीह में आयोजित नगर पंचायत अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ग्राम पंचायत बिर्रा के सरपंच एवं पंचों ने मुख्यमंत्री को ग्राम के विकास से जुड़ी विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बिर्रा को नगर पंचायत का दर्जा प्रदान करने, उपतहसील की स्थापना, गौरवपथ (डिवाइडर) का निर्माण, शासकीय नवीन महाविद्यालय भवन का निर्माण तथा कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा केंद्र की सुविधा उपलब्ध कराने सहित अन्य विकास कार्यों की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि बिर्रा क्षेत्र लंबे समय से इन बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है। ग्रामवासियों का कहना है कि कई बार शासन एवं प्रशासन के समक्ष इन मांगों को रखा गया, फिर भी ठोस प्रगति दिखाई नहीं दी।

ग्राम पंचायत बिर्रा के वार्ड क्रमांक 9 के पंच एवं निर्माण एवं विकास कार्य समिति के अध्यक्ष एकांश पटेल ने बताया कि इससे पहले भी सुशासन शिविर सहित विभिन्न मंचों पर इन मांगों को उठाया जा चुका है, लेकिन बिर्रा के विकास संबंधी विषय लगातार लंबित हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम के सर्वांगीण विकास के लिए इन मांगों का शीघ्र निराकरण आवश्यक है।

सरपंच पीली बाई एकादशिया साहू ने कहा कि ग्राम पंचायत ने हमेशा शांतिपूर्ण एवं वैधानिक तरीके से अपनी मांगें शासन तक पहुंचाई हैं। मुख्यमंत्री को भी विकास कार्यों के संबंध में आवेदन सौंपा गया है और ग्रामवासियों को उम्मीद है कि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

इस अवसर पर उपसरपंच प्रतिनिधि गोपाल कश्यप, पंच एकांश पटेल, प्रकाश देवांगन, छतबाई कर्ष, छोटेलाल कैवर्त्य, राधेश्याम केशरवानी, बलराम कश्यप, बुदेश देवांगन, कमला कहार तथा भोला राम देवांगन सहित ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments