

मौहाडीह। विकासखंड बम्हनीडीह के संकुल केंद्र मौहाडीह अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला मौहाडीह में नए शिक्षा सत्र के अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष कुंजबिहारी राठौर, सदस्य विक्रम दास महंत, रामदीन साहू, पिलेश बाई राठौर, पद्मा बाई श्रीवास तथा अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं श्रीफल अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर कक्षा पहली एवं छठवीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का फूलमाला पहनाकर, तिलक लगाकर एवं मिष्ठान खिलाकर स्वागत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को गणवेश एवं निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर विद्यालय में प्रवेश दिलाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संकुल शैक्षणिक समन्वयक (सीएसी) राजेश कंवर, एसएमसी अध्यक्ष कुंजबिहारी राठौर तथा विक्रम दास महंत ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा आदर्श नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रधानपाठक रायसिंह मन्नेवार ने शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक बच्चों का शासकीय विद्यालयों में प्रवेश कराने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन प्रधानपाठक दुलेश्वर प्रसाद रजक ने किया।
इस अवसर पर शिक्षक रामनारायण कंवर, ग्राम के वरिष्ठ नागरिक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

