मूकनायक न्यूज/दिनेश राव/सिरोही/राजस्थान)
सिरोही।गोल गांव में मंगलवार दोपहर एक बार फिर संकरी सड़क की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई। जावाल की ओर से आ रहा सीमा रोड लाइंस का ट्रांसपोर्ट ट्रक सड़क की कम चौड़ाई के चलते विद्युत पोल से टकराकर बीच रास्ते में फंस गया। इसके चलते मुख्य मार्ग करीब तीन घंटे तक अवरुद्ध रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लंबे समय तक जाम लगने से लोगों का आवागमन प्रभावित रहा। सूचना के बाद काफी मशक्कत से ट्रक को हटाया गया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।ग्रामीण देवेंद्र सेन ने बताया कि गांव की सड़क पहले से ही संकरी है। ऊपर से सीसी सड़क बनने के बाद दोनों ओर नालियां गहरी हो गई हैं, जिससे बड़े वाहनों को निकलने में मुश्किल होती है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों के लिए गांव के बाहर से बाईपास मार्ग का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके और गांव के भीतर जाम व हादसों की स्थिति उत्पन्न न हो।

