मूकनायक न्यूज/शिवगंज/सिरोही/राजस्थान।
शिवगंज। एक व्यक्ति–एक पौधा मिशन राजस्थान के अंतर्गत “घर का बीज, जंगल पहुँचाओ” महाअभियान के तहत शिवगंज स्थित हिन्दुस्तान डिफेंस एकेडमी में पर्यावरण जागरूकता एवं सीड बॉल निर्माण विषय पर प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रीन आर्मी मैन एवं पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत ने खिलाड़ियों को सीड बॉल निर्माण की विधि, उपयोगिता एवं पर्यावरण संरक्षण में इसकी भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घरों में निकलने वाले फलों के बीजों को फेंकने के बजाय सीड बॉल बनाकर जंगलों, पहाड़ियों और बंजर भूमि तक पहुँचाया जाए, ताकि वे भविष्य में वृक्ष बनकर प्रकृति को समृद्ध करें।उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति–एक पौधा मिशन राजस्थान द्वारा अब तक 30,000 से अधिक सीड बॉल जंगलों में पहुँचाई जा चुकी हैं, जिससे जनभागीदारी के माध्यम से हरित राजस्थान बनाने का अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है।एकेडमी के निदेशक सर भैराराम चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने खिलाड़ियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।इस अवसर पर लक्ष्मण कुमार ने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी अनुशासन और सेवा की भावना के साथ सीड बॉल निर्माण में योगदान दे सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक 10,000 सीड बॉल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया तथा संदेश दिया—”घर का बीज फेंके नहीं, जंगल पहुँचाएँ; वनस्पति ही जीवन है।”

