Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedकुर्सी नहीं, चौपाल चुनी: तहसील के सामने वर्षों से लगा रहे जनता...

कुर्सी नहीं, चौपाल चुनी: तहसील के सामने वर्षों से लगा रहे जनता दरबार, विकास कार्यों से बदली क्षेत्र क्रमांक-16 की तस्वीर

जनता की समस्याएं सुनकर समाधान का प्रयास, शिक्षा, जल संरक्षण और मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष फोकस

बालाघाट/खैरलांजी। लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि की असली पहचान चुनावी वादों से नहीं, बल्कि जनता के बीच उसकी सक्रिय मौजूदगी से होती है। जनपद पंचायत खैरलांजी के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-16 के सदस्य प्रकाश उके ने इसी सोच को अपनी कार्यशैली का आधार बनाया है। उन्होंने वर्षों से जनपद पंचायत एवं तहसील कार्यालय के सामने नियमित रूप से जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने की परंपरा कायम रखी है।

प्रकाश उके के जनता दरबार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। कोई किसान भूमि सीमांकन की समस्या बताता है, कोई वृद्ध पेंशन के लिए आवेदन करता है, तो कोई छात्र छात्रवृत्ति अथवा गरीब परिवार आवास योजना का लाभ दिलाने की अपेक्षा लेकर आता है। यहां समस्याएं सुनने के साथ-साथ आवेदन तैयार कराने और संबंधित विभागों तक पहुंचाने में भी सहयोग किया जाता है।

प्रकाश उके का कहना है कि जनता ने उन्हें सम्मान और जिम्मेदारी सौंपी है, इसलिए लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना उनका दायित्व है। यही सोच उनके जनसंपर्क और जनसेवा की पहचान बन चुकी है।

बिना भेदभाव सुनते हैं हर व्यक्ति की समस्या

जनता दरबार की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां किसी भी व्यक्ति के साथ जाति, धर्म, वर्ग या राजनीतिक विचारधारा के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाता। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं और समाधान की उम्मीद के साथ लौटते हैं।

विकास कार्यों को भी दी प्राथमिकता

जनसेवा के साथ-साथ क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य भी कराए गए हैं। ग्राम पंचायत मिरगपुर के हाईस्कूल में विद्यार्थियों के लिए आरओ वाटर मशीन स्थापित कराई गई, जिससे उन्हें स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। ग्राम पंचायत भंजियादंड में सुंदर गार्डन का निर्माण कराया गया, जो ग्रामीणों और बच्चों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थल बन चुका है।

ग्राम पंचायत भंडारबोड़ी में स्टॉप डेम का निर्माण कर जल संरक्षण को बढ़ावा दिया गया है। इससे किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को लाभ मिलने के साथ भूजल स्तर में सुधार की भी उम्मीद है। इसके अलावा सड़क, नाली, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े अनेक विकास कार्य क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में कराए गए हैं।

सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहयोग

ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों के आवेदन भरवाने, आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने और विभागीय प्रक्रिया पूरी कराने में भी सहयोग किया जाता है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।

ग्रामीणों में बनी भरोसे की पहचान

क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से नियमित जनता दरबार लगाना सेवा भावना और धैर्य का परिचायक है। उनका मानना है कि यदि अन्य जनप्रतिनिधि भी इसी प्रकार जनता के बीच नियमित रूप से बैठकर समस्याएं सुनें, तो शासन की योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकेगा।

जनसेवा से बनी अलग पहचान

लगातार जनसंपर्क, समस्याओं के समाधान के प्रयास और विकास कार्यों के कारण प्रकाश उके ने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे केवल निर्वाचित जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर कार्य करने वाले जनसेवक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments