
650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भाजपा ग्रामीण ने किया श्रद्धापूर्वक अभिनंदन, जिलेभर में 20 फरवरी तक चलेंगे सामाजिक समरसता एवं जनजागरण के कार्यक्रम
बिलासपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में उनकी जन्मस्थली वाराणसी से रायपुर के लिए रवाना हुए पावन मिट्टी कलश का बिलासपुर आगमन पर भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर (ग्रामीण) द्वारा महामाया चौक में भव्य एवं श्रद्धापूर्ण स्वागत किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल के नेतृत्व में जिला, मंडल एवं मोर्चा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और जयघोष के साथ पवित्र कलश का अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा वातावरण संत रविदास जी के जयघोष और सामाजिक समरसता के संदेश से गुंजायमान रहा।

स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समानता, मानवता और समरसता का अनुपम संदेश देता है। भारतीय जनता पार्टी उनकी 650वीं जयंती को “समरसता संकल्प अभियान” के रूप में मना रही है। इस अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को जोड़ने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 20 फरवरी तक जिले सहित पूरे प्रदेश में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, सेवा एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर समानता एवं मानवता का संदेश दिया। उनके बताए आदर्श आज भी समाज को एकता और सद्भाव की दिशा में प्रेरित करते हैं। समरसता संकल्प अभियान इन्हीं मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

अभियान के जिला संयोजक प्रणव शर्मा समदरिया ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत 29 जुलाई को जिले के सभी मंडलों में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रमुख मंदिरों में “समरसता दीप अभियान” आयोजित किया गया। इस दौरान दीप प्रज्वलित कर सामाजिक समरसता, भाईचारा, सद्भाव और समानता का संदेश दिया गया। साथ ही कार्यकर्ताओं ने संत रविदास जी की शिक्षाओं एवं उनके सामाजिक योगदान को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
उन्होंने बताया कि आगामी महीनों में अभियान के तहत संगोष्ठियां, सामाजिक संवाद, विचार गोष्ठियां, सेवा गतिविधियां, जनसंपर्क कार्यक्रम तथा विभिन्न रचनात्मक आयोजन किए जाएंगे, जिनके माध्यम से समाज में समरसता और सामाजिक एकता का वातावरण मजबूत किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं ने संत रविदास जी के जीवन दर्शन को स्मरण करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक समान अवसर, सम्मान और सामाजिक न्याय का संदेश पहुंचाने का संकल्प दोहराया। पवित्र कलश के स्वागत के दौरान महामाया चौक पर बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर दिखाई दिया।
इस अवसर पर एस. कुमार मनहर, अवधेश अग्रवाल, चंद्रप्रकाश सूर्या, प्रणव शर्मा समदरिया, घनश्याम रात्रे, महाराज सिंह नायक, कुंती मेहर, मोनू श्रीवास, पवन कश्यप, ओमप्रकाश पाण्डेय, रेखा पाण्डेय, संतोष मिश्रा, शीलू गोरख, भगवती साहू, विजय यादव, रमेश पटेल, दिनेश सिंह, धीरेन्द्र दुबे, अमित मिश्रा, प्रितेश सोनी, पुरुषोत्तम पटेल, कमल पटेल, त्रिदेव रजक, अंकिता पाण्डेय, सोनम ध्रुव, सीता ठाकुर, अंकुर सिंह, राकेश वर्मा, वैभव टाह, राजेश तिवारी, शरद खैरवार सहित भाजपा के जिला, मंडल एवं मोर्चा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

