Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedविद्यार्थी विज्ञान मंथन-2026 की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी से प्रतिनिधिमंडल...

विद्यार्थी विज्ञान मंथन-2026 की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी से प्रतिनिधिमंडल की सौजन्य भेंट

विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा में विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता एवं वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने पर हुई विस्तृत चर्चा

जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से संचालित विद्यार्थी विज्ञान मंथन (Vidyarthi Vigyan Manthan-2026) के सफल आयोजन एवं जिले के विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विज्ञान भारती के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी सिन्हा से सौजन्य भेंट कर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा से जोड़ने, परीक्षा के व्यापक प्रचार-प्रसार, अधिकाधिक पंजीयन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी सिन्हा ने राष्ट्रीय स्तर की इस विज्ञान प्रतियोगिता की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई दिशा देने के साथ उन्हें विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने जिले के अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक में विज्ञान भारती के प्रदेश सचिव डॉ. शरद कौशिक, डॉ. एम.के.एस. साहिद, जिला समन्वयक राजेन्द्र जायसवाल, जिला सहायक समन्वयक डॉ. रविन्द्र द्विवेदी, ब्लॉक समन्वयक लक्ष्मीनारायण तिवारी, प्रसन्न साव, चन्द्रशेखर महतो तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों तक प्रतियोगिता की जानकारी पहुंचाने और उन्हें अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन के लिए प्रेरित करने पर बल दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन-2026 के माध्यम से जांजगीर-चांपा जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपनी वैज्ञानिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जिले एवं छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित करेंगे। साथ ही यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, नवाचार की भावना और शोध संस्कृति को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments