मूकनायक न्यूज/ दिनेश राव/सिरोही/राजस्थान।
भेव/शिवगंज (सिरोही)। शिवगंज उपखंड के भेव गांव में पिछले एक महीने से पेयजल संकट गहराने के बाद रविवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। पानी की भारी किल्लत से परेशान ग्रामीण गांव की मुख्य पानी की टंकी के पास एकत्रित हुए और धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।ग्रामीणों ने बताया कि पूरे गांव की पेयजल व्यवस्था एकमात्र मुख्य पानी की टंकी पर निर्भर है, लेकिन पिछले एक महीने से टंकी में पानी नहीं पहुंचने के कारण लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।धरने के दौरान ग्रामीणों ने सरपंच से पेयजल आपूर्ति बंद होने का कारण पूछा। इस पर सरपंच ने कहा कि आगे से ही पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है, जिसके चलते गांव तक पानी नहीं पहुंच पा रहा। सरपंच के इस जवाब से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर समस्या के समाधान में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे चक्का जाम कर उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

