2.35 लाख रुपये की सामग्री नष्ट, आबकारी अधिनियम के तहत तीन प्रकरण दर्ज

बालाघाट। बालाघाट जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग ने खैरलांजी विकासखंड में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 2300 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 35 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब जब्त की गई। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 2 लाख 35 हजार 250 रुपये बताया गया है।
कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी अजीत एक्का के मार्गदर्शन में वारासिवनी, बालाघाट, लांजी और कटंगी वृत्त की संयुक्त टीम ने ग्राम गोंडीटोला, कटोरी तथा खैरी में छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान प्लास्टिक की पन्नियों में रखा महुआ लाहन तथा रबर ट्यूब में भरी कच्ची शराब बरामद हुई। आवश्यक नमूने लेने के बाद शेष महुआ लाहन को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत तीन प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

संयुक्त कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक संदीप श्रीवास, रमाकांत बघेल एवं कौस्तुभ नेताम सहित मुख्य आरक्षक द्वारसिंह उइके, टीकाराम शरणागत, नरसिंह टेकाम तथा अन्य आबकारी कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

