Sunday, July 26, 2026
Homeराजस्थानरींगस-सीकर क्षेत्र में पहली बार चार दिवसीय देशना कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न

रींगस-सीकर क्षेत्र में पहली बार चार दिवसीय देशना कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न

मूकनायक/राष्ट्रीय प्रभारी ओमप्रकाश वर्मा
सीकर/राजस्थान

स्वतंत्रता के बाद शेखावाटी अंचल के तहसील रींगस, जिला सीकर (राजस्थान) क्षेत्र में पहली बार 18 जून से 21 जून 2026 तक लगातार चार दिवसीय देशना कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली यूनिवर्सिटी एवं शांति शिक्षा विहार, सूरतगढ़ से जुड़े भन्ते निब्बाण पाथिक जी ने समाज को पंचशील, मैत्री भावना, करुणा, समानता तथा आपसी भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रमों में विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता कर सामाजिक समरसता और बौद्ध चिंतन को समझने का अवसर प्राप्त किया।

सामाजिक चिंतक गोपाल गुरावा टेलर (धीरजपुरा, तहसील रींगस) ने बताया कि वर्ष 2021 से भन्ते निब्बाण पाथिक जी लगातार इस क्षेत्र को अपना अमूल्य समय दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और मानवीय मूल्यों पर आधारित जमीनी कार्य धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में भन्ते जी ने संपूर्ण राजस्थान की लगभग 4100 किलोमीटर की साइकिल यात्रा की थी। उसी दौरान पलसाना (सीकर) में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर उनसे पहली मुलाकात हुई, जिसके बाद उनके विचारों से प्रभावित होकर क्षेत्र में सामाजिक कार्यों की नई शुरुआत हुई।

जनवरी 2025 में भन्ते निब्बाण पाथिक जी के मार्गदर्शन में धीरजपुरा में शांति शिक्षा विहार सर्व समाज निशुल्क कोचिंग परिवार की शुरुआत की गई। यह पहल शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और समान अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। भन्ते जी भारत के विभिन्न राज्यों में सामाजिक कार्यों में व्यस्त रहने तथा दिल्ली यूनिवर्सिटी में बौद्ध दर्शन की पढ़ाई जारी रखने के बावजूद हर वर्ष तीन से चार बार इस क्षेत्र में आकर लोगों का मार्गदर्शन करते हैं।

चार दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत 18 जून 2026 को अभावास एवं खाटूश्यामजी क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर देशना कार्यक्रम आयोजित हुए। 19 जून को गोपाल गुरावा टेलर के गांव में शारदा टेलर फैंसी स्टोर का शुभारंभ हुआ तथा उसी दिन पलसाना (जिला सीकर) में भी देशना कार्यक्रम संपन्न हुआ। 20 जून को सीकर में नीट की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अवसाद से बाहर निकलने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। इसी दिन सीकर न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं से भी मुलाकात कर सामाजिक विषयों पर संवाद किया गया।

21 जून 2026 को नीमकाथाना, जो हरियाणा सीमा से सटा सीकर जिले का अंतिम क्षेत्र है, वहां सर्वसमाज के लिए देशना कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ललित यादव का विशेष रूप से अभिनंदन किया गया। ललित यादव पिछले कई वर्षों से झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों की निशुल्क शिक्षा के लिए कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वे एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं तथा शिक्षा, समानता और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में सक्रिय रूप से जमीनी कार्य कर रहे हैं।

सीकर, रींगस और जयपुर क्षेत्र में भन्ते निब्बाण पाथिक जी के जमीनी कार्यों का समन्वय गोपाल गुरावा टेलर (धीरजपुरा) एवं अतुल जाटावत द्वारा किया जाता है। दोनों कार्यकर्ता कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित करने तथा सामाजिक महापुरुषों के विचारों से लोगों को जोड़ने का कार्य निरंतर कर रहे हैं।

शांति शिक्षा विहार टीम का उद्देश्य किसी संगठन के रूप में कार्य करना नहीं, बल्कि एक संघ की भावना से समाज में शांति, शिक्षा, समानता और सामाजिक जागरूकता का वातावरण तैयार करना है। छोटे-छोटे सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शिक्षा, स्वाभिमान और सामाजिक एकता का मिशन निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है और भविष्य में भी यह अभियान इसी प्रकार जारी रहेगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments