Tuesday, September 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबिशनपुरवा में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने पर गोण्डा से पहुंचे पंचशील सेवा...

बिशनपुरवा में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने पर गोण्डा से पहुंचे पंचशील सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष

मूकनायक/रिपोर्टर, राजेश कुमार/बस्ती/उत्तर प्रदेश

बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बिशनपुरवा गांव में 12 जून को डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना पर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पंचशील सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष बाबू हेमंत राव अपने संगठन के पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और गुरु रविदास, भगवान बुद्ध एवं बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की नवनिर्मित प्रतिमाओं पर पुष्पमाला अर्पित की।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष बाबू हेमंत राव ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाओं का अपमान पूरे समाज और देश का अपमान है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में बाबा साहब की प्रतिमाओं को तोड़ने, अपमानित करने और उनके विचारों का विरोध करने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि कुछ अराजक तत्व बाबा साहब को किसी विशेष वर्ग तक सीमित समझने की भूल कर रहे हैं, जबकि उनका योगदान पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को अपनी संकीर्ण मानसिकता त्यागकर शिक्षा, ज्ञान और मानवता के मार्ग पर चलना चाहिए। साथ ही प्रशासन से दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि महापुरुषों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है और इस प्रकार की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं। लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की।

इस अवसर पर पंचशील सेवा समिति के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार गौतम, सेवानिवृत्त दूरसंचार विभाग अधिकारी मुन्नर प्रसाद, राम बहोर, रमेश कुमार सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर सामाजिक सद्भाव और महापुरुषों के सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments