


मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | खैरलांजी (बालाघाट)
खैरलांजी जनपद पंचायत की राजनीति में गुरुवार को महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला, जब कार्यवाहक जनपद अध्यक्ष पद के लिए संपन्न चुनाव में जनपद सदस्य खुश्बू गिरीश बिसेन ने स्पष्ट बहुमत के साथ जीत हासिल कर जनपद पंचायत की कमान अपने हाथों में ले ली। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रीतू योगेश सुलाखिया को 6 मतों के अंतर से पराजित करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई और नगर में विजय रैली निकालकर जीत का जश्न मनाया गया।
जनपद पंचायत खैरलांजी में कुल 24 सदस्य हैं, लेकिन क्षेत्र क्रमांक-19 के जनपद सदस्य का निर्वाचन न्यायालय द्वारा निरस्त किए जाने के कारण वर्तमान में 23 सदस्यों ने मतदान प्रक्रिया में भाग लिया। मतदान में कुल 23 मतपत्रों का उपयोग हुआ, जिनमें खुश्बू गिरीश बिसेन को 14 मत प्राप्त हुए, जबकि रीतू योगेश सुलाखिया को 8 मत मिले। एक मतपत्र निरस्त घोषित किया गया। इस प्रकार खुश्बू बिसेन ने स्पष्ट बहुमत के साथ कार्यवाहक अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की।
उल्लेखनीय है कि पूर्व जनपद अध्यक्ष आशु गुनाराम बघेले का निर्वाचन जाति प्रमाण-पत्र संबंधी मामले में न्यायालय द्वारा शून्य घोषित किए जाने के बाद यह पद रिक्त हुआ था। न्यायालय के निर्देशानुसार कार्यवाहक अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद जनपद परिसर में समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और जयघोष के बीच नवनिर्वाचित अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। नगर के प्रमुख मार्गों पर विजय रैली निकाली गई, जहां नागरिकों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
विजय के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए खुश्बू गिरीश बिसेन ने अपनी जीत का श्रेय जनपद सदस्यों, समर्थकों और क्षेत्र की जनता को दिया। उन्होंने कहा कि जनपद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा सभी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर जनहित के मुद्दों पर सामूहिक रूप से कार्य किया जाएगा। उनका कहना था कि राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर सुनीता मानसिंह बहेटवार, गिरीश बिसेन, सागर बिसेन, राकेश बनोटे, नरेंद्र शुक्ला, ज्ञानेश रांगहडाले, राजकुमार बहेटवार, नरेंद्र साहू, फिरोज ठाकरे, देवेंद्र लिल्हारे, अभिषेक सेलोकर, पलास बिसेन, डालीराम नागपुरे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस चुनाव परिणाम ने खैरलांजी जनपद की राजनीति को नई दिशा दी है। खुश्बू गिरीश बिसेन की जीत को समर्थक विकास, संगठन और जनविश्वास की जीत के रूप में देख रहे हैं। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें उनके नेतृत्व में होने वाले विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं पर टिकी हुई हैं।

