मूकनायक/ दुर्गेन्द्र सम्राट ब्यूरो प्रभारी बस्ती/ उत्तर प्रदेश
संतकबीरनगर। जनपद के बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे पर मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया एक दलित युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बखिरा थाना क्षेत्र के कुल्की चमरसन गांव निवासी आनंद कुमार का कुछ समय पहले एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी शुक्रवार को आरोपी युवक ने बभनी चौराहे पर आनंद कुमार को रोक लिया और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया हमलावर ने आनंद कुमार का गला रेत दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया स्थानीय लोगों ने घायल आनंद कुमार को बचाने का प्रयास किया लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हत्या की खबर फैलते ही बभनी चौराहे पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग एकत्र हो गए लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
घटना की सूचना मिलने पर डीआईजी बस्ती ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच करने तथा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए अधिकारियों ने कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर ने बताया कि मृतक और आरोपी पहले से परिचित थे तथा दोनों के बीच पूर्व में कहासुनी हुई थी प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश और विवाद के चलते नासिर नामक युवक ने आनंद कुमार की हत्या की है पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है जबकि पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

