Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedजीपीएफ खातों की गुमशुदा कटौतियों के निराकरण के लिए 22 से 25...

जीपीएफ खातों की गुमशुदा कटौतियों के निराकरण के लिए 22 से 25 जून तक विशेष शिविर

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट

बालाघाट। शासकीय सेवकों के सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) खातों में दर्ज गुमशुदा कटौतियों एवं अप्रविष्ट मदों के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर विशेष जीपीएफ शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) कार्यालय, मध्यप्रदेश, ग्वालियर के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।

वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अमित कुमार मरावी ने बताया कि शिविर 22 जून से 25 जून 2026 तक कलेक्ट्रेट भवन बालाघाट के प्रथम तल स्थित सभाकक्ष क्रमांक 205 में आयोजित किया जाएगा। शिविर के लिए सहायक कोषालय अधिकारी यशवंत मसकरे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

शिविर में महालेखाकार कार्यालय ग्वालियर से वरिष्ठ लेखा अधिकारी अवधेश पाण्डेय, सहायक लेखा अधिकारी बाबूलाल मीणा, सुमित कुमार एवं मुकेश सैनी उपस्थित रहकर जीपीएफ खातों से संबंधित समस्याओं का निराकरण करेंगे।

जिला कोषालय बालाघाट, सिवनी एवं मंडला के अंतर्गत आने वाले सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) तथा कर्मचारियों से शिविर की जानकारी व्यापक रूप से साझा करने का आग्रह किया गया है। जिन कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में कटौतियां मिसिंग हैं अथवा अप्रविष्ट मदों की समस्या है, उन्हें संबंधित डीडीओ कार्यालय के लिपिक के साथ शिविर में उपस्थित होकर अपनी शिकायतों का निराकरण कराना होगा।

शिविर में कर्मचारियों को सामान्य भविष्य निधि कटौती पत्रक (जीपीएफ डिडक्शन शेड्यूल), संबंधित महीनों के वेतन देयक, चालान की प्रति, कैशबुक तथा बिल रजिस्टर की प्रमाणित प्रतियां साथ लाना अनिवार्य होगा। महालेखाकार कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई चेकलिस्ट के आधार पर संबंधित डीडीओ अथवा जीपीएफ अभिलेख देखने वाले लिपिकों को आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

शिविर के दौरान जीपीएफ के अंतिम भुगतान प्रकरणों में आवश्यक सावधानियों एवं दस्तावेजों के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों की जीपीएफ संबंधी समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments