


मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | वारासिवनी/बिठली (रामपायली)
वारासिवनी। जनपद पंचायत वारासिवनी अंतर्गत ग्राम बिठली स्थित ब्रह्म मंदिर प्रांगण में किसान गजना संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं, कृषि लागत में वृद्धि, सिंचाई संकट, फसलों के उचित मूल्य और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश बंसोड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में किसानों ने बढ़ती खेती लागत, खाद-बीज और कीटनाशकों की महंगाई तथा फसलों के लाभकारी मूल्य नहीं मिलने पर चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान आवश्यक है और इसके लिए संगठित प्रयास किए जाने चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष मुकेश बंसोड़ ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन आज अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने किसानों से एकजुट होकर अपने अधिकारों और हितों के लिए संगठित रहने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष रामकुमार नागपुरे ने कहा कि किसान मौसम, बाजार और प्रशासनिक समस्याओं के बीच लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन द्वारा निरंतर प्रयास किए जाने की बात कही।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसान गजना संगठन का विस्तार गांव-गांव और पंचायत स्तर तक किया जाएगा। साथ ही किसानों की समस्याओं को लेकर जनजागरण अभियान चलाने तथा आवश्यकतानुसार लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन की रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा की गई।
किसानों ने सिंचाई व्यवस्था में सुधार, कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त बिजली आपूर्ति, समर्थन मूल्य में वृद्धि, समय पर भुगतान और खरीद केंद्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की मांग उठाई। उपस्थित किसानों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया।
बैठक में संदीप बिसेन, नारायण पटले, हुकुमचंद बिसेन, युगल किशोर बिसेन, राजेन्द्र बिसेन, गिरिराज पटले, गुरूप्रसाद भगत, रूपेन्द्र राउत, धनश्याम राउत, काशीराम बरनकर, अंकित बिसेन, प्रतीक पटले, अभिषेक बिसेन, राकेश राउत, हेमराज राउत, लोकेन्द्र बिसेन, अमित पटले सहित बड़ी संख्या में किसान, संगठन पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

