Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedजनकल्याण शिविर में सुनी गईं ग्रामीणों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए...

जनकल्याण शिविर में सुनी गईं ग्रामीणों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट/तिरोड़ी (कटंगी-नांदी)

तिरोड़ी। शासन के विशेष अभियान के अंतर्गत ग्राम नांदी में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का गांव स्तर पर ही निराकरण करना तथा पात्र हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना था। शिविर में कुल 46 आवेदन प्राप्त हुए।

शिविर में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के.सी. ठाकुर, तहसीलदार शांडिल्य तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गायत्री कुमार सारथी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर के दौरान राजस्व, पेयजल, बिजली, सड़क, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन, आवास एवं कृषि विभाग से संबंधित समस्याएं सामने आईं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर प्रकरणों का निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान फौती नामांतरण के एक प्रकरण का मौके पर ही निराकरण किया गया। वहीं पटवारी द्वारा फार्मर रजिस्ट्री के साथ किसानों को ई-टोकन के माध्यम से उर्वरक प्राप्त करने हेतु बकेटिंग की प्रक्रिया भी संपन्न कराई गई।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शासन की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी तथा पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शासन की जनहितकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने और समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से सतत संपर्क बनाए रखने की अपील की।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और उन्होंने गांव स्तर पर आयोजित इस पहल की सराहना की।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments