Monday, October 19, 2026
HomeUncategorizedजनकल्याण शिविर में किसानों को दी गई आधुनिक कृषि तकनीकों एवं योजनाओं...

जनकल्याण शिविर में किसानों को दी गई आधुनिक कृषि तकनीकों एवं योजनाओं की जानकारी

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट/डोंगरमाली

डोंगरमाली। कृषि विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कृषि आदानों की उपलब्धता संबंधी जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत डोंगरमाली में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में किसानों एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर विभागीय योजनाओं और नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य गीता हनवत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच मनोज लिल्हारे ने की। शिविर में पंचायत समन्वयक महेश कुंभारे, उद्यानिकी विभाग से सोमेश्वर, कृषि विस्तार अधिकारी रमुला डोहरे, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी राहंगडाले सहित 14 ग्राम पंचायतों के सचिव, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को धान की सीधी बुवाई (डीएसआर) पद्धति के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि इससे श्रम एवं लागत में कमी, पानी की बचत तथा उत्पादन में वृद्धि की संभावना रहती है। साथ ही हरी खाद के महत्व एवं ढैंचा बीज के उपयोग पर भी जानकारी दी गई।

शिविर में किसानों को ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद वितरण की प्रक्रिया समझाई गई तथा कृषि अवसंरचना निधि (एआईएफ) योजना के बारे में जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत किसान कृषि अधोसंरचना विकसित करने के लिए वित्तीय सहायता एवं ऋण सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

शिविर के उपरांत जिला पंचायत सदस्य गीता हनवत ने स्थानीय सहकारी समिति का निरीक्षण कर ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण एवं बीज भंडारण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में ग्राम मेहदुली में “खेत बचाओ अभियान” के तहत किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, डीएसआर पद्धति से धान की बुवाई तथा नरवाई प्रबंधन संबंधी जानकारी दी गई। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को भूमि की उर्वरता बनाए रखने एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए वैज्ञानिक खेती अपनाने की सलाह दी।

कार्यक्रम में किसानों ने कृषि विभाग द्वारा दी गई जानकारी को उपयोगी बताते हुए आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। अधिकारियों ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में विभागीय योजनाओं से जुड़कर कृषि को लाभकारी बनाने का आह्वान किया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments