Friday, July 17, 2026
HomeUncategorizedऔद्योगिक सुरक्षा और श्रमिक हितों पर प्रशासन सख्त, दो औद्योगिक इकाइयों के...

औद्योगिक सुरक्षा और श्रमिक हितों पर प्रशासन सख्त, दो औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ श्रम न्यायालय में परिवाद

रायगढ़, 30 जून। जिले में औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा, पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन तथा वैधानिक प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त निरीक्षण अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रशासन की संयुक्त टीम ने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं, श्रमिक सुविधाओं एवं पर्यावरणीय मानकों की विस्तृत जांच की।

संयुक्त निरीक्षण दल में तहसीलदार रायगढ़, उप संचालक औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य, सहायक संचालक उद्योग तथा पर्यावरण विभाग के अधिकारी शामिल थे। टीम ने इमुल टेक, रिजेनेसिस इंडस्ट्रीज सहित अन्य औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था, श्रमिकों के लिए अपनाए गए सुरक्षा उपायों तथा पर्यावरणीय प्रावधानों के पालन की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आवश्यक सुधारात्मक सुझाव देते हुए संबंधित प्रबंधन को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रमिकों की सुरक्षा एवं पर्यावरणीय नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा उल्लंघन करने वाली इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

दो औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ श्रम न्यायालय में परिवाद

जिला प्रशासन के अनुसार, पूर्व में किए गए निरीक्षणों के दौरान जारी कारण बताओ नोटिस के बाद शिव शक्ति स्टील प्राइवेट लिमिटेड तथा श्री साईं गणेश ट्रेडिंग कंपनी द्वारा प्रस्तुत पालन प्रतिवेदन संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके बाद दोनों औद्योगिक इकाइयों के विरुद्ध माननीय श्रम न्यायालय, रायगढ़ में परिवाद प्रस्तुत किया गया है।

प्रशासन ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में संयुक्त निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि श्रमिकों की सुरक्षा, औद्योगिक सुरक्षा मानकों एवं पर्यावरणीय नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments