मूकनायक/रिपोर्टर, राजेश कुमार/बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। जनपद बस्ती में मंगलवार देर रात्रि को पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने हुए दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार एक मैकेनिक की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
मृतक की पहचान सर्वजीत (40), पुत्र सतिराम, निवासी ग्राम खजवा, पोस्ट कोड़रा के रूप में हुई है। वह पेशे से मैकेनिक था और मंगलवार को काम खत्म कर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद पुलिस ने कई बार डायल 108 एम्बुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद 1033 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी गई, जो तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही पॉलिटेक्निक चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी है। मामले की जांच जारी है।

