मूकनायक /संजय अंबेडकर
प्रयागराज/ उत्तर प्रदेश
प्रयागराज। ग्राम बिरगापुर तिराहा, मंडौर (हनुमानगंज) में मंगलवार को वीरांगना ऊदा देवी पासी की जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भाग लिया तथा वीरांगना ऊदा देवी पासी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके त्याग, समर्पण और बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी रहे। विशिष्ट अतिथियों में कौशांबी सांसद पुष्पेंद्र सरोज, विधायक रागिनी सोनकर, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) मान सिंह, पूर्व प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य तथा पूर्व विधायक मुस्तफा सिद्दीकी उपस्थित रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगायक धर्मेंद्र सोलंकी, रुचि यादव, रवि शंकर देहाती एवं राजेश परदेशी ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
अपने संबोधन में सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी पासी का बलिदान देश और समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि समाज को अपने महापुरुषों के संघर्ष, त्याग और योगदान को जानना तथा नई पीढ़ी तक पहुँचाना आवश्यक है। उन्होंने सामाजिक जागरूकता और शिक्षा को समाज की उन्नति का आधार बताया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने शिक्षा, युवाओं और सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने पेपर लीक जैसी समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पारदर्शी व्यवस्था की आवश्यकता बताई तथा सामाजिक समानता और जागरूकता पर बल दिया। साथ ही आगामी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।
कार्यक्रम के आयोजक प्रदीप कुमार सरोज ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज से आपसी एकता बनाए रखने, सामाजिक चेतना को मजबूत करने तथा महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।

