
मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | कटंगी–तिरोड़ी/बालाघाट
जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग ने तिरोड़ी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है। कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
उप संचालक खनिज फरहत जहां के निर्देशन में खनिज विभाग की टीम ने ग्राम बोनकट्टा के समीप वाहनों की जांच के दौरान ट्रैक्टर क्रमांक MP50-AA-3244 तथा MP22-AB-4996 को अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा। जांच के दौरान दोनों वाहन चालकों के पास खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।
पूछताछ में चालकों ने बताया कि रेत ग्राम बम्हनी से भरकर विक्रय के उद्देश्य से लाई जा रही थी। प्रारंभिक जांच में अवैध उत्खनन एवं परिवहन की पुष्टि होने पर दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना कटंगी की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग के अनुसार मामले में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत कार्रवाई की जा रही है। दोष सिद्ध होने पर संबंधित वाहन मालिकों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों पर जुर्माना सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही वाहन संचालकों एवं खनिज कारोबारियों से केवल वैध अनुमति एवं रॉयल्टी के साथ ही खनिजों का परिवहन करने तथा अवैध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई है।

