


मूकनायक समाचार
सत्यशील गोंडाने, बालाघाट-कटंगी
कटंगी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिरपुर एवं बनेरा में विधायक गौरव सिंह पारधी ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर ग्रामीणों को विकास की नई सौगात दी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्राम सिरपुर में लगभग 65.43 लाख रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई। किसानों को बेहतर भंडारण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 52.32 लाख रुपये की लागत से 500 मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही 11.11 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भी भूमिपूजन किया गया। वहीं जिला पंचायत सदस्य मद से निर्मित 2 लाख रुपये लागत के सामुदायिक कक्ष का लोकार्पण किया गया।
इसके पश्चात विधायक गौरव सिंह पारधी ने ग्राम बनेरा में राज्य वित्त आयोग मद से लगभग 12 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण से आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा वर्षा ऋतु में होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गौरव सिंह पारधी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क, भंडारण एवं सामुदायिक अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कटंगी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष केशर बिसेन ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।
ग्रामीणों ने गोदाम, सड़क एवं सामुदायिक भवन जैसी सुविधाओं के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से जिन विकास कार्यों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, वे अब धरातल पर साकार होते दिखाई दे रहे हैं।
कार्यक्रम में बबिता ओमप्रकाश वरकड़े, सुखचंद पटले, मंडल अध्यक्ष सौरभ ठाकरे, सिरपुर सरपंच मिताली प्रमोद खंडायत, बनेरा सरपंच भागचंद पटले सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

