डूंगरपुर जिले के आसपुर ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गलियाणा में नवपदस्थापित व्याख्याता जय किशन भील के पदभार ग्रहण करने पर भव्य एवं शानदार स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने आत्मीयता और उत्साह के साथ उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। स्टाफ साथियों ने माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर जय किशन भील का अभिनंदन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि एक योग्य एवं अनुभवी शिक्षक के विद्यालय में आने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन मिलेगा तथा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को नई दिशा प्राप्त होगी।
व्याख्याता जय किशन भील ने पदभार ग्रहण करने के बाद सभी स्टाफ साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भले ही यहां तक पहुंचने में दूरियां रही हो, लेकिन विद्यालय परिवार एवं यहां के लोगों ने जिस अपनत्व, सम्मान और स्नेह के साथ स्वागत किया है, उससे उनका दिल जीत लिया। उन्होंने कहा कि वे विद्यालय के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी मेहनत एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण एवं आपसी सहयोग बहुत महत्वपूर्ण होता है और विद्यालय परिवार का यह प्रेम एवं सम्मान हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों ने भी नए दायित्व के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण उन्नयन के लिए मिलकर कार्य करने का विश्वास दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में समस्त स्टाफ साथियों एवं विद्यालय परिवार का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। समारोह में विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

