

आरोह-2026 ग्रीष्मकालीन खेल शिविर में हुई घोषणा, खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए अनूठी पहल
मूकनायक समाचार/सत्यशील गोंडाने
बालाघाट
बालाघाट। जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। आरोह-2026 ग्रीष्मकालीन खेल शिविर के अंतर्गत मुलना स्टेडियम स्थित कराटे प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित विशेष कार्यक्रम में खिलाड़ियों को जल्द ही “खेल सेल्फी स्टैंड” की सौगात मिलने की घोषणा की गई।
जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राइस मिल व्यवसायी महेंद्र पारधी, बिल्डिंग व्यवसायी गणेश बिसेन, जिला एथलेटिक संघ अध्यक्ष नरेश धुवारे तथा आहिल्या कन्हार फिजिकल क्लब के सचिव शैलेंद्र यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहे खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी खेल संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों त्विशा सोमनकर और अविका बघेल ने कराटे की कुमीते फाइट का शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। खिलाड़ियों की प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण से प्रभावित होकर मुख्य अतिथि महेंद्र पारधी ने मुलना स्टेडियम परिसर में “खेल सेल्फी स्टैंड” का निर्माण कराने की घोषणा की।
महेंद्र पारधी ने कहा कि यह सेल्फी स्टैंड केवल एक संरचना नहीं होगा, बल्कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों, खेल भावना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का प्रतीक बनेगा। इससे खेल गतिविधियों को व्यापक पहचान मिलने के साथ युवाओं में खेलों के प्रति रुचि भी बढ़ेगी।
गौरतलब है कि खेल सेल्फी स्टैंड की मांग खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। इस घोषणा के बाद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा गया। खिलाड़ियों ने इसे खेलों के प्रचार-प्रसार और अपनी उपलब्धियों को साझा करने का बेहतर माध्यम बताया।
कार्यक्रम का संचालन आकाशवाणी बालाघाट के अजय ठाकुर ने किया। अंत में जिला कराटे प्रशिक्षक सजिन्द्र कृष्णन ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक, अभिभावक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

