नगर निगम की महिला सफाई कर्मचारी से मारपीट, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
बिलासपुर
आज नगर निगम में कार्यरत महिला सफाई कर्मचारी आरती मोगरिया के साथ कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मारपीट एवं अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित कर्मचारी ने घटना के तुरंत बाद अपने सुपरवाइजर एवं संबंधित अधिकारियों को फोन कर सहायता मांगने का प्रयास किया, लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया और ना ही तत्काल कोई सहयोग प्रदान किया गया।
स्थिति गंभीर होने पर पीड़िता ने यूनियन प्रतिनिधियों से संपर्क किया, जिसके बाद यूनियन लीडर संदीप जी ने तत्काल कर्मचारियों को एकजुट करते हुए थाना प्रभारी से मुलाकात की। यूनियन के साथियों एवं कर्मचारियों की सक्रियता के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले में तत्काल संज्ञान लिया और कार्रवाई प्रारंभ की गई।
इस घटना ने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां सफाई कर्मचारी प्रतिदिन शहर की सेवा में लगे रहते हैं, वहीं दूसरी ओर संकट की घड़ी में उन्हें अपने ही विभाग से सहयोग नहीं मिलना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
कर्मचारियों एवं यूनियन प्रतिनिधियों ने मांग की है कि:
महिला कर्मचारी के साथ मारपीट और अभद्रता करने वाले आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पीड़ित कर्मचारी को सुरक्षा एवं न्याय प्रदान किया जाए।
सहायता न करने वाले संबंधित सुपरवाइजरों एवं जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर उनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जाए।
नगर निगम कर्मचारियों, विशेषकर महिला सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए।
कर्मचारियों ने कहा कि यह घटना एकता की ताकत को भी दर्शाती है। जब प्रशासनिक स्तर पर सहयोग नहीं मिला, तब साथी कर्मचारियों और यूनियन ने मिलकर पीड़िता के समर्थन में खड़े होकर न्याय दिलाने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने भविष्य में भी एकजुट रहकर अपने अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा करने का संकल्प व्यक्त किया।


