तार बहार में कांग्रेस की भव्य रैली, देवेंद्र यादव ने मांगा जनता का आशीर्वाद
मूकनायक
कमलेश लवहात्रै छत्तीसगढ़ प्रभारी
बिलासपुर।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव एवं पदाधिकारी व वरिष्ठ कांग्रेस नेता आज तार बहार वार्ड क्रमांक 29 पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी शेख मोहम्मद आजम के समर्थन में विशाल जनसंपर्क रैली निकालकर जनता से आशीर्वाद प्राप्त किया। रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
वार्ड क्रमांक 29 संजय गांधी नगर में आयोजित इस जनसंपर्क अभियान के दौरान देवेंद्र यादव ने कहा कि तार बहार क्षेत्र हमेशा से कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है। चाहे लोकसभा चुनाव हो, विधानसभा चुनाव हो या नगर निगम चुनाव — यहां की जनता ने सदैव कांग्रेस पर विश्वास जताया है।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय शेख गफ्फार एवं स्वर्गीय शेख असलम के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय शेख गफ्फार ने पूरे जीवन कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया। उन्होंने तार बहार क्षेत्र को कांग्रेसमय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
कांग्रेस नेताओं ने संकल्प लिया कि स्वर्गीय शेख गफ्फार को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए कांग्रेस प्रत्याशी शेख मोहम्मद आजम को उपचुनाव में प्रचंड मतों से विजयी बनाया जाएगा।
रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल पूरी तरह कांग्रेसमय नजर आया।






