Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorizedगोगलाई-भामोड़ी में रेत माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार

गोगलाई-भामोड़ी में रेत माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार

संयुक्त छापेमारी में 78 ट्रॉली अवैध रेत जब्त, 11 ट्रैक्टरों पर कार्रवाई

मूकनायक समाचार/सत्यशील गोंडाने
बालाघाट

बालाघाट। जिले में अवैध रेत खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गोगलाई और भामोड़ी में संयुक्त छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध रेत जब्त की है। खनिज विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई कार्रवाई में लगभग 78 ट्रॉली रेत जब्त की गई, वहीं 11 ट्रैक्टरों पर भी कार्रवाई की गई। प्रशासन की इस कार्रवाई से रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।

जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 को तहसील बालाघाट अंतर्गत ग्राम गोगलाई एवं भामोड़ी में संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रेत भंडारण और परिवहन का खुलासा किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी नवेगांव, पुलिस लाइन बालाघाट का बल, परिवहन विभाग, खनिज विभाग एवं राजस्व विभाग का अमला शामिल रहा।

उप संचालक खनिज फरहत जहां ने बताया कि ग्राम गोगलाई में दुर्गेश पिता दशरथ लिल्हारे के बाउंड्रीवॉल परिसर के अंदर लगभग 40 ट्रॉली खनिज रेत का अवैध भंडारण पाया गया। जांच के दौरान रेत भंडारण से संबंधित अनुमति एवं रॉयल्टी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद नियमानुसार रेत को जप्त कर लिया गया।

संयुक्त टीम ने गांव की शासकीय भूमि पर भी लगभग 30 ट्रॉली रेत का अवैध भंडारण पकड़ा। अधिकारियों ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए पूरी रेत को जप्त कर ग्राम गोगलाई के कोटवार की सुपुर्दगी में सौंप दिया।

कार्रवाई के दौरान मंगल मेश्राम पिता होलिया मेश्राम के घर में भी करीब 8 ट्रॉली रेत संग्रहित पाई गई। संबंधित व्यक्ति द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रशासन ने उक्त रेत को भी अवैध मानते हुए जप्त कर लिया।

प्रशासन ने अवैध परिवहन में लगे वाहनों पर भी शिकंजा कसते हुए परिवहन विभाग की सहायता से गोगलाई एवं भामोड़ी क्षेत्र में 11 ट्रैक्टर पकड़े। इनमें 9 ट्रैक्टर ट्रॉली सहित शामिल बताए गए हैं। कई वाहन बिना नंबर प्लेट के संचालित पाए गए, जिससे अवैध परिवहन में नियमों की अनदेखी उजागर हुई।

परिवहन विभाग द्वारा बिना नंबर एवं दस्तावेजों के संचालित वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं खनिज विभाग ने म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा भविष्य में भी ऐसे संयुक्त अभियान जारी रहेंगे। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

लगातार हो रही कार्रवाइयों से यह संकेत स्पष्ट है कि प्रशासन अब अवैध रेत कारोबार पर पूरी तरह शिकंजा कसने के मूड में है। ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे अवैध खनन और परिवहन नेटवर्क पर कार्रवाई के बाद आम लोगों में भी प्रशासनिक सक्रियता को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments