
मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने / बालाघाट
बालाघाट जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गढ़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 57 लीटर अंग्रेजी शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त एक हुंडाई सेंट्रो कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 64 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना गढ़ी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बैहर की ओर से एक चार पहिया वाहन में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम खुशीपार खजरा तिराहा क्षेत्र में वाहन चेकिंग शुरू कर दी।
चेकिंग के दौरान सिल्वर रंग की हुंडाई सेंट्रो कार क्रमांक CG04H3606 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन तेज गति से गांव की ओर भगाने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया। काफी दूर तक पीछा करने के बाद आरोपी वाहन को गांव के बाहर खेत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर फरार हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली, जिसमें कार के भीतर रखे 7 कार्टूनों से 57.240 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत लगभग 63 हजार 918 रुपए बताई गई है, जबकि वाहन की कीमत करीब 1 लाख रुपए आंकी गई है।
थाना गढ़ी पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में शराब तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक योगेश कुमरे, सहायक उपनिरीक्षक चंदनलाल तैलासे, आरक्षक नागवेन्द्र पांडे, शुभम सेन, मोहित, अवधेश कुशवाह, एसएसयू याशु एवं तोषण की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता एवं सक्रियता की प्रशंसा की है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमावर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब बिक्री या परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

