Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorized17 मई को बरघाट में होगा संभाग स्तरीय संयुक्त जयंती समारोह

17 मई को बरघाट में होगा संभाग स्तरीय संयुक्त जयंती समारोह

5 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता की तैयारी, वाहन रैली से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम तक होंगे आकर्षण का केंद्र

मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने
बालाघाट

बरघाट-सिवनी। डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर, राष्ट्रपिता ज्योतिबा फुले, चक्रवर्ती सम्राट अशोक एवं सम्यक संबुद्ध की संयुक्त जयंती के अवसर पर 17 मई 2026, रविवार को सिवनी जिले के बरघाट में भव्य संभाग स्तरीय संयुक्त जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। डॉ. बी.आर. आंबेडकर वेलफेयर सोसायटी बरघाट एवं मारा-माली समाज जिला शाखा सिवनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह को लेकर पूरे संभाग में उत्साह का माहौल बना हुआ है। आयोजन में लगभग 5 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता होने की संभावना जताई जा रही है।

समारोह का आयोजन डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर बस स्टैंड, बरघाट में किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत अपराह्न 3 बजे राजीव गांधी स्टेडियम से विशाल वाहन रैली के साथ होगी, जबकि शाम 5 बजे से मंचीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी दिल्ली के अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष एवं दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री एडवोकेट राजेंद्र पाल गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे सामाजिक न्याय, समानता एवं संविधानिक अधिकारों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम में मुंबई से वरिष्ठ आईएएस अधिकारी उज्जवल उके भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और युवाओं को शिक्षा एवं प्रशासनिक सेवाओं के प्रति प्रेरित करेंगे।

समारोह में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त बौद्ध भिक्षुणी एवं अध्यात्मिक वक्ता पूज्य भिक्षुणी शांतायु धम्म दिना विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। वे भगवान बुद्ध के करुणा, अहिंसा एवं समता के संदेश पर प्रकाश डालेंगी। उनके आगमन को लेकर बौद्ध समाज एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

इसके अलावा बालाघाट से प्रोफेसर डॉ. नरेंद्र जामरे भी कार्यक्रम में शामिल होकर महापुरुषों के सामाजिक योगदान एवं वर्तमान समय में उनके विचारों की प्रासंगिकता पर अपने विचार रखेंगे। वहीं फिल्म अभिनेता एवं इंटरनेशनल अवॉर्ड प्राप्त कलाकार गगन मलिक की उपस्थिति भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेगी। सम्राट अशोक एवं भगवान बुद्ध पर आधारित धारावाहिकों में अभिनय कर प्रसिद्धि प्राप्त कर चुके गगन मलिक के आगमन से युवाओं में खासा उत्साह बना हुआ है।

आयोजकों के अनुसार विशाल वाहन रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर बस स्टैंड पहुंचेगी। रैली में सामाजिक एकता, शिक्षा, समता एवं भाईचारे का संदेश दिया जाएगा। इसमें समाजजन, युवा, महिलाएं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान भगवान गौतम बुद्ध, ज्योतिबा फुले, माता सावित्रीबाई फुले, डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर, महात्मा कबीर एवं प्रियदर्शी सम्राट अशोक के छायाचित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया जाएगा। समाज के वरिष्ठजन एवं अतिथि महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लेंगे।

मंचीय कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, शिक्षा, संविधान, महिला सशक्तिकरण एवं मानवता के मूल्यों पर आधारित उद्बोधन होंगे। समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान भी किया जाएगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का विशेष आकर्षण रहेंगे। धम्म आधारित गीत, संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि स्थानीय कलाकारों के साथ अन्य जिलों से भी सांस्कृतिक दल कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे।

समारोह में शामिल होने वाले सभी आगंतुकों के लिए सामूहिक मैत्री भोज की व्यवस्था भी की गई है। आयोजन समिति ने समाजजनों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह संयुक्त जयंती समारोह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, संगठन और एकता का संदेश देने वाला ऐतिहासिक आयोजन होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए यातायात, भोजन, स्वागत, मंच संचालन एवं सांस्कृतिक समितियों का गठन कर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। बरघाट नगर में जगह-जगह स्वागत द्वार एवं बैनर लगाए जा रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा वातावरण दिखाई दे रहा है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments