डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष में 14 अप्रैल तक किए जा रहे हैं विविध कार्यक्रम आयोजित।
मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/ करौली/राजस्थान।
करौली, 11 अप्रैल । डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले से 14 अप्रैल 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया रहा है। कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ शनिवार को मंडरायल रोड स्थित सैनी छात्रावास में महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
उपखंड अधिकारी प्रेमराज मीना ने बताया कि इस अवसर पर महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन एवं उनके सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई। महात्मा फुले उन्नीसवीं सदी के महान समाज सुधारक थे, जिन्होंने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने स्त्री शिक्षा एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अपनी पत्नी सावित्री बाई फुले के साथ मिलकर देश के प्रथम बालिका विद्यालयों की स्थापना की तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों के विरुद्ध व्यापक जागरूकता का कार्य किया।
उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को डॉ. बी.आर. अम्बेडकर का जीवन परिचय एवं संविधान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत 14 अप्रैल तक “संविधान को जानें” ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता, तथा 13 अप्रैल को स्वच्छता एवं सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम, संगोष्ठी, व्याख्यान, पेंटिंग, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर जयंती के अवसर पर बाबा साहेब की चित्र पर माल्यार्पण, संविधान की प्रस्तावना का वाचन एवं संविधान शपथ आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं समाज कल्याण अधिकारी बबलू शर्मा, सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के सहायक निदेशक धर्मेंद्र कुमार मीणा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

