Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorizedडीआरएम राकेश रंजन की अध्यक्षता में मंडल स्तरीय पीएनएम एवं रनिंग स्टाफ...

डीआरएम राकेश रंजन की अध्यक्षता में मंडल स्तरीय पीएनएम एवं रनिंग स्टाफ बैठक सफलतापूर्वक संपन्न

डीआरएम राकेश रंजन की अध्यक्षता में मंडल स्तरीय पीएनएम एवं रनिंग स्टाफ बैठक सफलतापूर्वक संपन्न

मूकनायक

दिलीप मैश्राम

बिलासपुर

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में दिनांक 23 से 25 अप्रैल 2026 तक तीन दिवसीय मंडल स्तरीय पीएनएम (परमानेंट नेगोशियेशन मशीनरी) बैठक एवं रनिंग स्टाफ मीटिंग का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इन बैठकों में कर्मचारियों की समस्याओं, लंबित मुद्दों तथा विभिन्न विभागीय विषयों पर गंभीरतापूर्वक चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक निर्णय लिए गए।

बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन द्वारा की गई। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक जे. एस. मीना एवं के. श्रीनिवास की गरिमामयी उपस्थिति रही।

बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा द्वारा किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी तथा साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस, बिलासपुर के मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री सहित बी. कृष्णकुमार, लक्ष्मण राव, आर. के. यादव एवं सभी शाखा सचिव सक्रिय रूप से शामिल हुए।

तीन दिवसीय पीएनएम बैठक के दौरान कुल 79 एजेंडों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया, जिनमें 38 लंबित (पुराने), 30 नए एवं 11 विशेष एजेंडे शामिल थे। कई महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान बैठक के दौरान ही सुनिश्चित किया गया, जबकि शेष विषयों पर संबंधित विभागों को शीघ्र एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।

इसी क्रम में आयोजित रनिंग स्टाफ मीटिंग में रनिंग कर्मचारियों से जुड़े 16 महत्वपूर्ण एजेंडों पर गंभीर चर्चा की गई। बैठक में कार्य परिस्थितियों, सुविधाओं, सुरक्षा एवं कल्याण से संबंधित विषयों पर सकारात्मक विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर सहमति बनी।
पूरी बैठक सकारात्मक, रचनात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें प्रशासन एवं कर्मचारियों के मध्य बेहतर संवाद और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला।

बैठक को संबोधित करते हुए डीआरएम राकेश रंजन ने कहा कि रेल प्रशासन कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के प्रति पूर्णतः संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। साथ ही मजदूर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विधिसम्मत एवं त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments