मूकनायक/गोपाल मेघवंशी
भीलवाड़ा/ राजस्थान
मोखमपुरा में चारागाह, खेल मैदान व सरकारी भूमि पर कब्जे का आरोप
रायपुर। ग्राम मोखमपुरा के ग्रामीणों ने मंगलवार को रायपुर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गांव की विभिन्न सरकारी व सार्वजनिक भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि चारागाह, चरनोट, खेल मैदान, तालाब पेटा काश्त सहित अन्य सरकारी जमीनों पर कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व में वर्ष 2012-13 में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन अब पुनः कब्जे कर लिए गए हैं। खेतों की तारबंदी, दीवार निर्माण और खेती कर सरकारी भूमि का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही, विद्यालय के खेल मैदान और सार्वजनिक रास्तों पर भी अतिक्रमण कर दिया गया है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि गांव के तालाब, कुएं और श्मशान घाट तक जाने वाले रास्तों पर भी अवैध कब्जा होने से आमजन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटाकर सरकारी भूमि को मुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

