Tuesday, September 29, 2026
Homeराजस्थानअम्बेडकर सेवा समिति की बैठक का हुआ भव्य आयोजन

अम्बेडकर सेवा समिति की बैठक का हुआ भव्य आयोजन

📰 मूकनायक जिला ब्यूरो चीफ रिडमल परमार
महंत श्री बलदेव नाथ महाराज के कर कमलों से पेंपलेट का विमोचन, जयंती समारोह की तैयारियां तेज
सांचौर, 26 मार्च 2026
अम्बेडकर सेवा समिति सांचौर द्वारा गुरुवार को बाबा रामदेव मंदिर, जीनगर कॉलोनी में एक महत्वपूर्ण एवं विस्तृत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष नरेश पातलिया ने की, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिकों, पदाधिकारियों एवं युवाओं ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 14 अप्रैल 2026 को भारतरत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाने की रूपरेखा तैयार करना रहा। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष जयंती समारोह को और अधिक व्यापक, आकर्षक एवं अनुशासित तरीके से आयोजित किया जाएगा, ताकि समाज में एकता, जागरूकता और प्रेरणा का संदेश प्रसारित हो सके।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रचार-प्रसार के शुभारंभ के रूप में की गई, जहां गणेश शिव मठ, शिवनाथपुरा के महंत श्री बलदेव नाथ महाराज के कर कमलों से जयंती समारोह के पेंपलेट का विधिवत विमोचन किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
समिति के महासचिव कानाराम पारीक ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सांचौर शहर में भव्य वाहन रैली का आयोजन किया जाएगा, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी। इसके अलावा अम्बेडकर उद्यान, बी ढाणी में मुख्य समारोह आयोजित होगा, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, विचार गोष्ठी एवं समाज जागरूकता से जुड़े आयोजन किए जाएंगे।
बैठक में आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। इसमें कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों के चयन, भामाशाहों एवं समाजसेवियों को सहयोग के लिए प्रेरित करने, पेंपलेट के माध्यम से घर-घर जनसंपर्क बढ़ाने, वाहन रैली के लिए प्रशासनिक अनुमति प्राप्त करने तथा रैली के रूट-चार्ट को अंतिम रूप देने जैसे मुद्दे शामिल रहे। सभी जिम्मेदारियों का विभाजन कर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व भी सौंपे गए।
अध्यक्ष नरेश पातलिया ने अपने संबोधन में कहा कि सांचौर में आयोजित होने वाली अंबेडकर जयंती की वाहन रैली पूरे राजस्थान में अपनी भव्यता, अनुशासन और सामाजिक संदेश के लिए विशेष पहचान रखती है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी समाज बंधुओं से अपील की कि वे इस चार दिवसीय आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे सफल बनाएं।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष नेमीचंद खोरवाल, मेघवाल समाज अध्यक्ष भंवराराम खांभू, लॉर्ड बुद्धा कॉलेज के निदेशक डॉ. आसूराम सिंघल, जीनगर समाज के पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल चितारा, गर्ग समाज अध्यक्ष मसराराम गर्ग, एडवोकेट राजेंद्र कुमार हींगडा, उपाध्यक्ष अंबालाल रानुआ, मोहनराम पारीक, मेवाराम बाजक, वासुदेव चितारा, रूपाराम परमार, सावलाराम जयपाल, जोधाराम कालमा, पूनमाराम सिंघल, संजय कालमा, प्रवीण कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर जयंती समारोह को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया और समाज में बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments