सर्वसममती से हुआ कार्यकारिणी का चुनाव दर्जनों लोगों ने ली सभा की सदस्यता |
देश राज मस्ताना प्रभारी किन्नौर | अंबेडकर ग्राम विकास सभा, हिमाचल प्रदेश (जिला शिमला, तहसील ननखरी) द्वारा गड़ासू में एक महत्वपूर्ण महा सभा विचार-विमर्श गोष्ठी का आयोजन किया गया। ज्ञात हो संस्था एक विधिवत पंजीकृत सामाजिक संगठन है, जिसका मुख्य उद्देश्य “एक समतामूलक, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण करना है, जहाँ अनुसूचित जाति वर्ग के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, न्याय, समान अवसर एवं अपने संवैधानिक अधिकारों का पूर्ण लाभ प्राप्त हो, तथा वे आत्मनिर्भर, संगठित और आत्मविश्वासी जीवन जी सकें।”
इस अवसर पर सर्वसम्मति से वर्तमान कार्यकारिणी को आगामी तीन वर्षों के लिए पुनः चयनित किया गया, जबकि संस्थापक मंडल को पाँच वर्षों के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई।
सभा के दौरान अनेक लोगों ने स्वेच्छा से संस्था की सदस्यता ग्रहण की। इनमें प्रमुख रूप से उतम चंद पुनन, बीना देवी पुनन, सुरेश कुमार कटार, दीवान चंद रोपनाल, सुनील कुमार मकड़ोग, मीना देवी मकड़ोग, बीटू राम शलार, जगत राम शोली, जीत राम शोली, माधी राम शोली (अड़डी) अमर सिंह शोली (संतल), अजय कुमार शरोग एवं प्रेम चंद शरोग शामिल रहे।
इस पहल के लिए वरिष्ठ एवं अनुभवी व्यक्तियों ने संस्था को बधाई दी, वहीं महिला शक्ति ने भी इस कदम की सराहना करते हुए इसे समाज के उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
संस्था के अध्यक्ष नीटू बुशहरी ने जनता द्वारा जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी 14 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली अंबेडकर जयंती को इस वर्ष और अधिक धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से तैयारियों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
सभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्रालय से सहायक निदेशक पद से सेवानिवृत्त माधी राम ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर को विश्वभर में ज्ञान और सामाजिक न्याय के प्रतीक के रूप में माना जाता है। उन्होंने उनके मूल मंत्र—“शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो”—को अपनाने पर बल दिया। साथ ही उन्होंने समाज को अपने अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट रहने तथा कुरीतियों का डटकर सामना करने का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर संघर्ष आवश्यक है।
इस अवसर पर पूर्व में रामपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रत्याशी रहे ब्रेसी लाल, सेवानिवृत्त सहायक निदेशक माधी राम, मुख्यमंत्री सुरक्षा दस्ते से सेवानिवृत्त अमर सिंह, सहकारी समिति के सचिव जीत राम तथा प्रीतम सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सभा का समापन समाज की एकता, जागरूकता एवं सशक्तिकरण के संकल्प के साथ किया गया।

