प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासे करने की दी चेतावनी, सोशल मीडिया पोस्ट के बाद कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी चर्चा में
मूकनायक न्यूज/ यशपाल सोलंकी/ भरतपुर/ राजस्थान
जिला परिषद सदस्य पद के वार्ड नंबर 30 से टिकट नहीं मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता आकाश ठेकेदार जघीना ने पार्टी के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भरतपुर सांसद संजना जाटव पर टिकट वितरण में गड़बड़ी, पैसे लेकर टिकट देने और सांसद कोटे के विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पार्टी को लेकर जताई नाराजगी
आकाश ठेकेदार जघीना ने अपनी पोस्ट में लिखा कि भरतपुर में कांग्रेस पार्टी जड़ से खत्म हो चुकी है। उन्होंने वार्ड नंबर 30 से टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए पार्टी के फैसले की कड़े शब्दों में आलोचना की। उन्होंने अपनी दावेदारी को दरकिनार किए जाने के लिए पार्टी नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया।
सांसद संजना जाटव पर लगाए आरोप
आकाश ने वार्ड नंबर 30 से टिकट कटने के लिए सांसद संजना जाटव को जिम्मेदार बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में टिकट वितरण के दौरान पैसों का लेन-देन हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने सांसद कोटे से विकास कार्यों के लिए राशि खर्च करने में कथित अनियमितताओं के आरोप भी लगाए। आकाश ने यह भी दावा किया कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले गरीब कार्यकर्ताओं और युवाओं को आगे बढ़ने से रोका जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की कही बात
सोशल मीडिया पोस्ट में आकाश ने व्हाट्सएप बंद होने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर पूरे मामले से जुड़ी बातें जनता के सामने रखेंगे। उनके इस ऐलान के बाद जिला परिषद चुनाव में टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस के भीतर चल रही नाराजगी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
फिलहाल, आकाश जघीना की ओर से लगाए गए आरोपों पर सांसद संजना जाटव का पक्ष सामने नहीं आया है। आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित दस्तावेजों और दोनों पक्षों का पक्ष सामने आना जरूरी है।

