*भव्यता से हुआ BSI का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह सम्पन्न
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संविधान के अनुरूप कार्य करने की ली शपथ
मूकनायक/ सत्यशील गोंडाने
बालाघाट/मध्यप्रदेश
बालाघाट। दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया (BSI) जिला एवं नगर शाखा बालाघाट का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह रविवार 27 सितंबर को संस्था के जिला कार्यालय, बूढ़ी वार्ड क्रमांक-13, रेलवे क्रासिंग के पास सम्पन्न हुआ। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संस्था के संविधान के अनुरूप निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ धम्म और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय बौद्ध महासभा मध्यप्रदेश राज्य शाखा अध्यक्ष, केंद्रीय शिक्षक एवं GOC समता सैनिक दल मध्यप्रदेश डॉ. चरनदास ढेंगरे रहे। प्रमुख अतिथियों में आयुनी हेमलता डोंगरे, उपाध्यक्ष एवं केंद्रीय शिक्षिका मध्यप्रदेश, आर.के. कटाने, सचिव एवं केंद्रीय शिक्षक मध्यप्रदेश तथा राजकपूर कामडे, कार्यकारी सचिव एवं केंद्रीय शिक्षक मध्यप्रदेश उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अशोक कुमार मेश्राम ने की। पूज्य भंते बुद्धपाल जी वाड़ी (नागपुर) भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
45 वर्षों से धम्म जागृति में योगदान, पूरनलाल मेश्राम को संगठन की जिम्मेदारी
समारोह में जिले में लंबे समय से धम्म एवं सामाजिक गतिविधियों को गति देने वाले परम आदरणीय पूरनलाल मेश्राम भी मंचासीन रहे। संस्था के अनुसार उन्होंने 45 वर्षों से अधिक समय से धम्म संस्था के माध्यम से बौद्ध धम्म के प्रचार-प्रसार एवं सामाजिक जागृति के कार्यों में योगदान दिया है। वर्तमान जिला कार्यकारिणी में उन्हें संगठक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सामूहिक वंदना के बाद अतिथियों ने दिया मार्गदर्शन
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक वंदना से हुई। इसके पश्चात अतिथियों ने दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया के उद्देश्यों, संगठन की भूमिका, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों तथा सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों के संचालन को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। जिला मुख्यालय सहित विभिन्न तहसीलों से पहुंचे पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता समारोह में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि डॉ. चरनदास ढेंगरे ने सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि महापुरुषों की वाणी और आदेश के अनुसार प्रत्येक व्यक्ति को समाज एवं धम्म के कार्यों के लिए 3T—टाइम, टेलेंट और ट्रेजरी देना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय देना, अपनी प्रतिभा एवं क्षमता का उपयोग करना तथा आवश्यकतानुसार आर्थिक सहयोग करना संगठनात्मक कार्यों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने अध्यक्ष, महासचिव, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष सहित विभिन्न पदों की जिम्मेदारियों एवं संगठनात्मक कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए पदाधिकारियों से संस्था के संविधान के अनुरूप कार्य करने और संगठन की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।
धम्म कार्यों को गति देने का लिया संकल्प
पूज्य भंते बुद्धपाल जी ने दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने श्रामणेर एवं केंद्रीय शिक्षक शिविरों में सहभागिता करने तथा संस्था से आजीवन जुड़कर धम्म एवं सामाजिक कार्यों में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। भंते जी ने गाथा के माध्यम से उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आशीर्वाद प्रदान किया।
इसके बाद सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संस्था के पद की शपथ ग्रहण की। उन्होंने वरिष्ठों का सम्मान करते हुए संस्था के संविधान एवं नियमों के अनुरूप निष्ठापूर्वक कार्य करने तथा बालाघाट जिले में धम्म एवं सामाजिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई और उनका आत्मीय अभिनंदन किया गया।
25 अक्टूबर को होगा एक दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर
समारोह के दौरान आगामी 25 अक्टूबर 2026 को मुंबई मुख्यालय से वरिष्ठ केंद्रीय शिक्षकों एवं पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में एक दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। शिविर में संगठनात्मक कार्यप्रणाली, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों तथा धम्म एवं सामाजिक गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया जाएगा।
समारोह के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा सामाजिक-धार्मिक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। समापन गाथा के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।

