मूकनायक / रिपोर्टर धर्मवीर गौतम / हिंडौन सिटी -भरतपुर
भरतपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के भरतपुर दौरे के दौरान भरतपुर संभाग को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान के अनुसार संभाग में करीब 453 करोड़ रुपये की लागत के 65 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा करीब 540 करोड़ रुपये के 184 नवीन विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।
इन विकास कार्यों में संभाग के भरतपुर, डीग, करौली, सवाई माधोपुर और धौलपुर जिले शामिल हैं।
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार भरतपुर जिले में 382 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 130 कार्य, डीग में 358 करोड़ रुपये से अधिक के 24 कार्य, करौली में 136 करोड़ रुपये से अधिक के 43 कार्य, सवाई माधोपुर में 74 करोड़ रुपये से अधिक के 46 कार्य तथा धौलपुर में 42 करोड़ रुपये से अधिक के 6 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
सरकार की ओर से इन परियोजनाओं को क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया है। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान संभाग के विभिन्न जिलों को मिली इन विकास परियोजनाओं से स्थानीय स्तर पर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की उम्मीद है।
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान (DIPR)

