मूकनायक | पवन बंशीवाल/करौली/ राजस्थान
50 किलोग्राम भार वर्ग में राजस्थान पुलिस की महिला आर्म रेसलिंग टीम में हुआ चयन
भरतपुर। खेलों के क्षेत्र में लगातार शानदार प्रदर्शन कर राजस्थान पुलिस का गौरव बढ़ा रहीं भरतपुर पुलिस की सहायक उपनिरीक्षक एवं राष्ट्रीय चैंपियन मनीषा चाहर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान पुलिस का प्रतिनिधित्व करेंगी। गत वर्ष की खेल उपलब्धियों के आधार पर उनका 50 किलोग्राम भार वर्ग में राजस्थान पुलिस की महिला आर्म रेसलिंग टीम में चयन हुआ है।
मनीषा चाहर 23 से 27 सितंबर 2026 तक मधुबन, करनाल (हरियाणा) में आयोजित होने वाली 75वीं ऑल इंडिया रेसलिंग क्लस्टर के आर्म रेसलिंग इवेंट में राजस्थान पुलिस की ओर से हिस्सा लेंगी।
ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में 8 पदक
मनीषा चाहर का आर्म रेसलिंग में शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में अब तक 3 गोल्ड, 2 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल, कुल 8 पदक हासिल किए हैं। वहीं नेशनल ओपन आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में लगातार तीन बार गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।
खेल उपलब्धियों पर मिले दो गैलेन्ट्री प्रमोशन
मनीषा चाहर की खेल उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें अब तक दो गैलेन्ट्री प्रमोशन मिल चुके हैं, जबकि तीसरे गैलेन्ट्री प्रमोशन पर भी विचार किया जा रहा है। पुलिस सेवा के साथ खेलों में निरंतर प्रदर्शन उनकी मेहनत और अनुशासन को दर्शाता है।
NIS बॉक्सिंग कोच के रूप में भी दे रहीं सेवाएं
मनीषा चाहर पुलिस सेवा और आर्म रेसलिंग के साथ NIS बॉक्सिंग कोच के रूप में भी योगदान दे रही हैं। वह युवा खिलाड़ियों और उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए तैयार कर रही हैं।
अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मनीषा चाहर राजस्थान पुलिस की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके चयन से खेल जगत और पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है।

