मूकनायक/पवन बंशीवाल
करौली/राजस्थान
फुलवाड़ा में जल जीवन मिशन की पाइपलाइन बनी शोपीस, ग्रामीणों ने जलदाय विभाग को सौंपा ज्ञापन
हिंडौन ग्रामीण। जल जीवन मिशन के तहत फुलवाड़ा ग्राम पंचायत में करीब तीन साल पहले तैयार हुई उच्च जलाशय टंकी और घर-घर बिछाई गई पाइपलाइन के बावजूद ग्रामीणों को अब तक नलों से पेयजल नहीं मिल पाया है। पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता सुगरसिंह को ज्ञापन सौंपकर जल्द पानी की सप्लाई शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीण शुभम तिवाड़ी ने बताया कि फुलवाड़ा ग्राम पंचायत में मोक्षधाम के पास जल जीवन मिशन के तहत उच्च जलाशय टंकी का निर्माण करीब तीन वर्ष पूर्व पूरा हो चुका है। इसके अलावा फुलवाड़ा कस्बे सहित जाटव बस्ती, भीमनगर, पूठन का पुरा, मालीपुरा, ऊंचेका पुरा, निसूरियान का पुरा और कंजौलियान का पुरा तक राइजिंग पाइपलाइन भी बिछाई जा चुकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि टंकी और पाइपलाइन का काम पूरा होने के बावजूद घरों में लगाए गए नलों से अभी तक नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। ऐसे में गांव और आसपास की ढाणियों के लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने विभाग से मांग की कि तीन साल से तैयार खड़ी टंकी को तत्काल चालू कर घर-घर लगे नलों में नियमित पानी की सप्लाई शुरू कराई जाए, ताकि लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं, जलदाय विभाग के सहायक अभियंता सुगरसिंह ने ग्रामीणों को जल्द पेयजल आपूर्ति शुरू कराने का आश्वासन दिया।

