मूकनायक, राजस्थान, करौली,हिंडौन सिटी,धर्मवीर गौतम
हिंडौन सिटी/ नगर परिषद चुनाव का मतदान संपन्न होने के साथ ही अब राजनीतिक दलों की निगाहें चुनाव परिणामों और नगर परिषद में बोर्ड गठन के संभावित समीकरणों पर टिक गई हैं। 77.35 प्रतिशत मतदान के बाद सभी प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में बंद हो चुका है और अब भाजपा व कांग्रेस के साथ-साथ निर्दलीय प्रत्याशियों की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
नगर परिषद हिंडौन सिटी में कुल 60 वार्डों के लिए चुनाव संपन्न हुए हैं। चुनावी मैदान में कुल 361 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई है। भाजपा और कांग्रेस ने अधिकांश वार्डों में अपने-अपने प्रत्याशी उतारे, हालांकि कुछ चुनिंदा वार्डों में दोनों प्रमुख राजनीतिक दल अपने उम्मीदवार घोषित नहीं कर सके। ऐसे वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी ने मुकाबले को और अधिक रोचक बना दिया।
इस बार हिंडौन सिटी में हुए 77.35 प्रतिशत मतदान को राजनीतिक जानकार महत्वपूर्ण मान रहे हैं। बढ़े हुए मतदान के पीछे मतदाताओं की संख्या में इजाफा, युवा और जेन-जी मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी, तथा बड़ी संख्या में चुनाव मैदान में उतरे निर्दलीय प्रत्याशियों द्वारा किया गया घर-घर जनसंपर्क प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।
मतदान समाप्त होने के बाद अब भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल अपने-अपने प्रत्याशियों के संपर्क में हैं और संभावित परिणामों को देखते हुए बोर्ड गठन की रणनीति पर मंथन शुरू हो गया है। राजनीतिक गलियारों में सबसे अधिक चर्चा निर्दलीय प्रत्याशियों को लेकर हो रही है।
यदि किसी भी प्रमुख दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता है तो निर्दलीय पार्षद नगर परिषद का बोर्ड बनाने और सभापति पद के चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में चुनाव परिणाम आने के बाद निर्दलीय विजेताओं की राजनीतिक अहमियत और बढ़ने की संभावना है।
हिंडौन सिटी में इस बार का नगर निकाय चुनाव केवल भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला नहीं माना जा रहा, बल्कि बड़ी संख्या में मैदान में उतरे निर्दलीय प्रत्याशियों ने चुनावी समीकरणों को त्रिकोणीय और कई वार्डों में बेहद दिलचस्प बना दिया है।
अब सभी की निगाहें मतगणना और चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। परिणाम तय करेंगे कि नगर परिषद हिंडौन सिटी में किस दल का बोर्ड बनेगा और आखिरकार सभापति की कुर्सी तक पहुंचने में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण साबित होती है।

