Tuesday, September 29, 2026
Homeगुजरातसंवैधानिक अधिकारों और सामाजिक पुनर्रचना पर मंथन, धम्म परिषद को सफल बनाने...

संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक पुनर्रचना पर मंथन, धम्म परिषद को सफल बनाने का आहवान

भारतीय बौद्ध महासभा व आंबेडकरवादी एकता मिशन की संयुक्त बैठक में लिए महत्वपूर्ण निर्णय, संगठन में युवा नेतृत्व को जिम्मेदारी

मूकनायक समाचार । सूरत

भारतीय बौद्ध महासभा (साउथ गुजरात) एवं आंबेडकरवादी एकता मिशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार शाम नवागाम-डिंडोली स्थित सारनाथ बुद्ध विहार में आंबेडकरी-बौद्ध समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में गुजरात में लंबे समय से निवास कर रहे महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों के एससी, एसटी, ओबीसी एवं अल्पसंख्यक समुदायों को संवैधानिक आरक्षण का लाभ नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संवैधानिक अधिकारों की प्राप्ति के लिए गुजरातभर में परप्रांतीय सर्वसमाज के बीच व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाकर जनजागृति की जाएगी। वक्ताओं ने कहा कि समाज को उसके संवैधानिक अधिकार मिलने तक आंदोलन को निरंतर गति दी जाएगी।
इस धम्म परिषद में अधिकाधिक सहभागिता का आहवान किया गया। बैठक में आगामी 20 सितंबर 2026 को सूरत में आयोजित होने वाली 7वी अंतरराष्ट्रीय बौद्ध धम्म परिषद को लेकर भी चर्चा की गई। परिषद को भव्य एवं सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सक्रिय सहभागिता और सहयोग का आहवान किया गया। इसके साथ ही समाज में बढ़ते सामाजिक विघटन और उससे उत्पन्न दिशाहीनता पर चिंता व्यक्त करते हुए आंबेडकरी-बौद्ध समाज की सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक पुनर्रचना को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बौद्ध धम्म के प्रचार-प्रसार और समाज को दिशा देने के उद्देश्य से वरिष्ठ समाजसेवी एवं नेता सुरेशभाई सोनवणे से धार्मिक कार्यों की अगुवाई करने तथा मुख्य मार्गदर्शक की भूमिका निभाने का अनुरोध किया गया। उन्होंने यह जिम्मेदारी स्वीकार की। युवा शक्ति को सामाजिक एवं राजनीतिक मोर्चे पर आगे बढ़ाने के लिए सर्वसम्मति से सी.एम. सोनवणे को युवा नेता, जबकि सागर साळुंके और दिपक कढरे को युवा उपनेता नियुक्त किया गया।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध धम्म परिषद के मुख्य आयोजक बौद्ध धम्म गुरु भदन्त प्रशील गौतम एवं श्रामणेर संघ का सानिध्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर काशिनाथ दादा सिरसाठ, बौद्धाचार्य वाय.डी. सपकाल, लोजपा (गुजरात) के उपाध्यक्ष प्रभाकर नागमल, आंबेडकरवादी एकता मिशन के प्रणेता अनिलभाई थोरात, संयोजक बेडसे मास्तर, प्रभारी हंसराज ससाने, शैलेष तायडे, आरपीआई (आठवले गट) गुजरात प्रदेश महासचिव सुभाष भाई झाडे, बहुजन क्रांति मोर्चा के सुभाष भाई धुरंधर, बहुजन समाज पार्टी के महासचिव सतीश सोनवणे, ऑल इंडिया पैंथर्स सेना गुजरात के उपाध्यक्ष सागर भाई सिरसाठ सहित अनेक सामाजिक एवं बौद्ध संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा दिलीप रामटेके, सुनील भाई वानखेड़े, रतन धंदर, वैसाने, पंकज शिरसाट, यशवंत जाधव, नाना वाघ, महादेव तायडे, शंकर वाघ, अनिल बाविस्कर, सुजाता ताई सोनवणे, शीलाताई वानखेड़े सहित बड़ी संख्या में समाज के अग्रणी उपस्थित रहे।
बैठक में विश्व शांति धम्म बोधी बुद्ध विहार, डभोली; विश्व शांति दूत महाबोधि बुद्ध विहार; महामाया बुद्ध विहार; त्रिरश्मी बुद्ध विहार; पंचशील बुद्ध विहार सहित विभिन्न बौद्ध विहारों एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, धम्म सेवकों, उपासक-उपासिकाओं तथा गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments