

‘वृक्ष मित्र अभियान’ के तहत ग्रामीणों ने लिया हरित भविष्य के निर्माण और पौधों के संरक्षण का संकल्प
संवाददाता : सत्यशील गोंडाने | बालाघाट (मध्यप्रदेश)
कटंगी/भजियापार। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से जनपद पंचायत कटंगी अंतर्गत ग्राम भजियापार में गुरुवार को ‘वृक्ष मित्र अभियान’ के तहत व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन समिति, पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अवलेश पारधी, सरपंच प्रतिनिधि झनक ठाकरे, वन समिति अध्यक्ष संतोष सोनवाने, गोधनलाल पटले, मितेश पटले, चंदनलाल पटले, संतोष पटले, सचिव देवकरण कावरे, जनपद पंचायत से एपीओ शैलेंद्र अडमे, हितेश पिपलेवार, धनेन्द्र पटले तथा विद्यालय परिवार से एस.के. चौकसे, देवेंद्र पंचेश्वर, रविकांत पाठक, भामेश्वरी बिसेन, आभा पटले एवं संगीता उइके सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अवलेश पारधी ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण का आधार नहीं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व की सबसे बड़ी सुरक्षा हैं। यदि आज पौधे लगाए जाएंगे और उनकी जिम्मेदारी के साथ उनकी देखभाल की जाएगी, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और संतुलित पर्यावरण मिल सकेगा। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ एवं ‘वृक्ष मित्र अभियान’ से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति पौधारोपण को अपना नैतिक दायित्व बना ले, तो गांव, शहर और पूरा देश हरियाली से आच्छादित हो सकता है।
कार्यक्रम के अंत में पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई एवं संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया। ग्रामीणों ने अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

