Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedपरसवाड़ा में बसपा का संगठनात्मक महाअभियान तेज, निष्क्रिय पदाधिकारियों की छुट्टी, नए...

परसवाड़ा में बसपा का संगठनात्मक महाअभियान तेज, निष्क्रिय पदाधिकारियों की छुट्टी, नए चेहरों को मिली जिम्मेदारी

विधानसभा स्तरीय बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और सेक्टर गठन पर बनी रणनीति

संवाददाता : सत्यशील गोंडाने | बालाघाट (मध्यप्रदेश)

परसवाड़ा। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने विधानसभा क्षेत्र परसवाड़ा में संगठन को मजबूत करने की दिशा में सामुदायिक भवन सालेटीका में विधानसभा स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार एवं संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण पर व्यापक चर्चा की गई। साथ ही निष्क्रिय पदाधिकारियों को संगठन से हटाकर सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपने का निर्णय लिया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से महेंद्र वासनिक को विधानसभा अध्यक्ष तथा अनिल डोंगरे को सर्किल प्रभारी नियुक्त किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष इंजीनियर महेंद्र, पूर्व प्रभारी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य दुर्गेश बिसेन, विधानसभा प्रभारी आनंद वेद, सर्किल प्रभारी विनोद गजभिए, विधानसभा कमेटी के पदाधिकारी, सेक्टर अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि विधानसभा क्षेत्र के लगभग 30 सेक्टरों में से 20 सेक्टरों का गठन पूर्ण कर उनका प्रारूप तैयार कर प्रस्तुत किया जा चुका है। शेष सेक्टरों के गठन को शीघ्र पूरा करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

जिला अध्यक्ष इंजीनियर महेंद्र ने कहा कि संगठन की मजबूती ही बहुजन समाज पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने निर्देश दिए कि शेष सभी सेक्टरों का गठन शीघ्र पूरा कर 8 अगस्त को प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय बैठक से पहले संगठनात्मक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से बूथ एवं सेक्टर स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने का आह्वान किया।

बैठक में सदस्यता अभियान को गति देने, युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार करने का संकल्प लिया गया। अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विधानसभा क्षेत्र परसवाड़ा में बहुजन समाज पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments