
17 अगस्त तक गांव-गांव पहुंचेगा प्रचार वाहन, किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ने का अभियान तेज
संवाददाता : सत्यशील गोंडाने | बालाघाट
बालाघाट/खैरलांजी। खरीफ फसलों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा प्रदान करने और अधिक से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को खैरलांजी विकासखंड से विशेष प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ 17 अगस्त तक विकासखंड के अधिसूचित ग्रामों एवं हल्कों में पहुंचकर किसानों को योजना की विस्तृत जानकारी देगा तथा समय-सीमा के भीतर फसल बीमा कराने के लिए प्रेरित करेगा।

प्रचार वाहन को वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आर. मर्सकोले, कृषि विभाग के प्रतिनिधि आकाश धवलकर तथा कृषि विस्तार अधिकारियों की उपस्थिति में रवाना किया गया। अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान किसानों तक शासन की महत्वपूर्ण योजना को घर-घर पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
प्रचार वाहन गांव-गांव पहुंचकर किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधान, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, बीमा प्रीमियम, अंतिम तिथि तथा प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में मिलने वाले लाभों की जानकारी देगा। साथ ही किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र किसान जानकारी के अभाव में योजना से वंचित न रहे।
उप संचालक कृषि फूलसिंह मालवीय ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच है। सूखा, अतिवृष्टि, बाढ़, ओलावृष्टि तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं से फसल को नुकसान होने पर यह योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि जिलेभर में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र किसान समय पर अपनी अधिसूचित फसल का बीमा करा सके।
उन्होंने किसानों से अपील की कि 17 अगस्त अंतिम तिथि है। किसान अंतिम समय का इंतजार किए बिना बैंक, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा अन्य अधिकृत माध्यमों से अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा शीघ्र कराएं। निर्धारित समय-सीमा के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
कृषि विभाग ने विश्वास जताया कि इस जागरूकता अभियान से अधिक से अधिक किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़ेंगे और प्राकृतिक आपदाओं के समय आर्थिक सुरक्षा का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

