रायपुर रेलवे स्टेशन पर 500 किलो संदिग्ध पनीर की खेप मिलने से हड़कंप
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम पहुंची, जांच और कार्रवाई को लेकर बना असमंजस
रायपुर | स्वराज मेश्राम | मूकनायक
रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन के पार्सल क्षेत्र में करीब 500 किलो संदिग्ध पनीर की खेप मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह खेप अमरकंटक एक्सप्रेस से रायपुर पहुंची थी और इसे दूसरे राज्यों में भेजने की तैयारी की जा रही थी।
सूत्रों के अनुसार, सूचना मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, रेलवे परिसर का मामला होने के कारण कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। समाचार लिखे जाने तक संबंधित विभागों की ओर से जब्ती, सैंपल जांच या आगे की कार्रवाई के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
मामले को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि, खेप को किसी विशेष व्यक्ति, राजनीतिक परिवार या फर्म से जोड़ने वाले दावों की अभी तक किसी सक्षम सरकारी एजेंसी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल लोगों की नजर जांच रिपोर्ट और संबंधित विभागों की आधिकारिक कार्रवाई पर टिकी हुई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद खेप की गुणवत्ता क्या थी, वह किसकी थी और उसके विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाएगी।


