Tuesday, September 29, 2026
Homeमध्यप्रदेशबालाघाट को मिला नए दौर का नेतृत्व

बालाघाट को मिला नए दौर का नेतृत्व

“जनता के बीच पहुंचेगा प्रशासन, संवेदनशीलता और पारदर्शिता से होगा सुशासन” — नए कलेक्टर कुमार सत्यम ने संभाली कमान

फील्ड में उतरेंगे अधिकारी, समस्याओं का होगा मौके पर समाधान • 7 अगस्त से शुरू होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को सफल बनाने के दिए निर्देश

मूकनायक समाचार | बालाघाट
सत्यशील गोंडाने

बालाघाट जिले को सोमवार, 03 अगस्त 2026 को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2017 बैच के अधिकारी कुमार सत्यम ने बालाघाट के नए कलेक्टर के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने साफ संकेत दिए कि अब प्रशासन की पहचान संवेदनशीलता, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा से होगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करें।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद मान.कलेक्टर कुमार सत्यम ने जिला अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और प्रशासनिक व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नियमित फील्ड विजिट करें, विकास कार्यों की जमीनी हकीकत देखें तथा जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। प्रशासन की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए जिससे आम नागरिक को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान पर रहेगा विशेष फोकस

कलेक्टर कुमार सत्यम ने 7 अगस्त से प्रारंभ होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को प्रशासन की सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में आयोजित होने वाले सभी शिविरों में अधिकारी पूरी तैयारी और जिम्मेदारी के साथ उपस्थित रहें तथा प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।

विकास और सुशासन में अग्रणी रहेगा बालाघाट

नवनियुक्त कलेक्टर ने कहा कि बालाघाट को विकास और सुशासन के हर पैमाने पर प्रदेश के अग्रणी जिलों में बनाए रखना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनहित सर्वोपरि रखने की आवश्यकता है।

समृद्ध प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ

कुमार सत्यम इससे पूर्व एसडीएम डिंडोरी, एसडीएम सौंसर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत मंदसौर तथा अतिरिक्त कलेक्टर ग्वालियर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली से बालाघाट जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments